कूनो राष्ट्रीय उद्यान में कराए गए बर्ड सर्वे में दुर्लभ पक्षियों की 12 प्रजातियां मिली हैं। वन विभाग के मुताबिक, श्योपुर जिले के विंध्याचल पर्वत श्रेणी के उत्तरी भाग में स्थित राष्ट्रीय उद्यान में हाल में कराए गए सर्वे में पक्षियों की 174 प्रजातियों का पता लगा है। इनमें 12 दुर्लभ पक्षी हैं। दुर्लभ पक्षियों में एल्पाइन स्विफ्ट, यलो लेग्ड बटनक्वेल, लांग टेल्ड मिनवेट, कॉमन ग्रास होपर, वार्बलर, डस्की वार्बलर, स्मोकी वार्बलर, इंडियन स्पॉटेड क्रीपर, साइबेरियन रूबीथ्रोट, ब्ल्यू केप्ड रॉक थ्रश, ग्रे बुशचट और व्हाइट केप्ड बंटिंग शामिल हैं।
वन मंडलाधिकारी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि देश में भी इन पक्षियों की प्रजातियां बमुश्किल ही मिलती हैं। लगभग 60 लोगों की 22 टीमों ने 44 सर्वे रूट पर पक्षी सर्वे किया। उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान 4 प्रजाति की किंगफिशर, विभिन्न प्रजाति के पैराकीट, श्राइक, प्रिनिया, मॉर्टिन, स्वेलो और बाबलर सहित 174 प्रजाति के पक्षी मिले हैं।